Best News Articles 4 September 2022

Best News Articles 4 September 2022 In Hindi of Chhattisgarh की खबरें  इस प्रकार है-

शिक्षक-सम्मान

कल शिक्षक दिवस है। इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले छियालीस शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित करेंगी।

यह समारोह नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित किया जाएगा। पुरस्कार पाने वालों में छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के शासकीय प्राथमिक स्कूल पंडित सखाराम दुबे की सहायक शिक्षिका ममता अहार भी शामिल हैं।

सुश्री अहार पिछले बीस वर्षों से लोक संगीत के माध्यम से विद्यार्थियों को पढ़ा रही हैं। वहीं, कल ही राजभवन में राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।

राज्यपाल अनुसुईया उइके समारोह में प्रदेश के साठ शिक्षकों को सम्मानित करेंगी। इनमें से छप्पन शिक्षकों को राज्य शिक्षक सम्मान और चार शिक्षकों को प्रदेश के महान साहित्यकारों के नाम पर स्मृति पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

समारोह में राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित शिक्षिकों को इक्कीस-इक्कीस हजार रूपए और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। साथ ही प्रदेश की महान विभूतियों की स्मृति में दिए जाने वाले पुरस्कार से सम्मानित होने वाले शिक्षकों को पचास-पचास हजार रूपए और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।

Best News Articles 4 September 2022
Best News Articles 4 September 2022

समारोह की अध्यक्षता मुख्यमंत्री भूपेश बघेल करेंगे। वहीं, विशिष्ट अतिथि स्कूल शिक्षा मंत्री डॉक्टर प्रेमसाय सिंह टेकाम और संसदीय सचिव द्वारिकाधीश यादव होंगे।

राज्यपाल अनुसुईया उइके, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और स्कूल शिक्षा मंत्री डाॅक्टर प्रेमसाय सिंह टेकाम ने शिक्षक दिवस के अवसर पर सभी गुरूजनों और प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

प्रधानमंत्री-शिक्षक बातचीत

इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शिक्षक दिवस के अवसर पर कल नई दिल्ली में अपने आवास पर राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार विजेताओं से बातचीत करेंगे।

शिक्षकों को राष्ट्रीय पुरस्कार का उद्देश्य देश के उन बेहतरीन शिक्षकों के अद्वितीय योगदान की प्रशंसा और उनका सम्मान करना है, जिन्होंने अपनी प्रतिबद्धता और कड़ी मेहनत से न केवल स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार किया है बल्कि अपने विद्यार्थियों के जीवन को भी बेहतर बनाया है।

इस वर्ष, देश भर से छियालीस शिक्षकों को, तीन चरण की पारदर्शी ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से इस पुरस्कार के लिए चुना गया है।

केन्द्रीय गृहमंत्री-संबोधन

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सभी राज्यों से जेलों में सुरक्षा और सुविधाएं बढ़ाने पर ध्यान देने का आग्रह किया है। श्री शाह ने प्रत्येक राज्य से बेहतर जेल प्रबंधन के लिए दो हजार सोलह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार की आदर्श जेल संहिता को अपनाने का आग्रह किया।

श्री शाह आज अहमदाबाद में छठी अखिल भारतीय जेल प्रतियोगिता के शुभारंभ के बाद जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने जेलों को आधुनिक बनाने और ऐसे कैदियों को समाज में वापस लाने पर बल दिया, जो स्वभाविक या आदतन अपराधी नहीं होते।

गृह मंत्री ने कहा कि समाज में जेलों को जिस तरह से देखा जाता है, वह नजरिया बदलने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बेहतर जेल प्रशासन के लिए प्रौद्योगिकी अपनाई जानी चाहिए।

गृहमंत्री ने कहा है कि अदालतों की तरह देश की सभी जेलों में वीडियो कांफ्रेंस सुविधा बनाए जाने की आवश्यकता है। श्री शाह ने कैदियों के कल्याण के लिए जेल परिसरों में पुस्तकालयों, प्रशिक्षण केन्द्रों अस्पतालों और मानसिक स्वास्थ्य केन्द्रों की स्थापना पर भी बल दिया।


Also Read :-   मंकीपॉक्स क्या है इसके लक्षण, बचाव एवं उपाय


गोधन न्याय योजना

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कल पांच सितंबर को गोधन न्याय योजना के हितग्राहियों को पांच करोड़ नौ लाख रूपए की राशि आनलाइन जारी करेंगे।

मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पन्द्रह अगस्त से इकतीस अगस्त तक राज्य के गौठानों में पशुपालक, ग्रामीणों, किसानों और भूमिहीनों से क्रय किए गए गोबर के एवज में दो करोड़ उनहत्तर लाख रूपए, गौठान समितियों को एक करोड़ अड़तालीस लाख और महिला समूहों को तिरानवे लाख रूपए की राशि जारी की जाएगी।

भाजपा-बैठक

भारतीय जनता पार्टी दुर्ग संभाग की बैठक जिला भाजपा कार्यालय राजनांदगांव में आयोजित की गई। इस बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना में कथित गड़बड़ी और योजना के क्रियान्वयन में लेटलतीफी को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ अभियान चलाए जाने का निर्णय लिया गया।

बैठक में किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने की रणनीति भी बनाई गई। साथ ही आगामी सत्रह सितंबर से दो अक्टूबर तक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिन को ‘‘सेवा पखवाड़े‘‘ के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया। वहीं, पच्चीस सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती मनाने पर भी चर्चा हुई।

इसके अलावा दो अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती को शक्ति केन्द्र स्तर पर मनाने का निर्णय लिया गया।

बैठक में राष्ट्रीय संगठन सह महामंत्री शिव प्रकाश, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री डाॅक्टर रमन सिंह, सांसद संतोष पांडेय और विजय बघेल के अलावा छह जिलों के पार्टी पदाधिकारी और वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

कांग्रेस-रैली

देश में बढ़ती महंगाई के खिलाफ अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आज नई दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘हल्ला बोल‘ रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम के अलावा प्रदेश के पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी शामिल हुए।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार की विफल आर्थिक नीतियों के कारण महंगाई बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि देश में महंगाई और बेरोजगारी से लोग त्रस्त हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि रैली के बाद सरकार इसे संज्ञान में लेगी और लोगों को महंगाई से राहत देगी।

इस बीच, भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश इकाई ने कहा है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस को महंगाई पर बात करने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।

मुख्यमंत्री जब तक केन्द्र सरकार के बराबर पेट्रेाल-डीजल के दाम में कटौती नहीं कर देते, तब तक उनकी बातों का कोई औचित्य नहीं हैं। भाजपा के कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार को तत्काल पेट्रोल-डीजल के दाम में केन्द्र सरकार के बराबर कटौती करनी चाहिए।

राम वनगमन पथ

छत्तीसगढ़ में भगवान राम की नौ प्रतिमाएं लगेंगी। इसकी शुरूआत राजधानी रायपुर से लगे ग्राम चंदखुरी से हो चुकी है। यहां इंक्यावन फीट ऊंची भगवान राम की प्रतिमा स्थापित की जा चुकी है।

अब राम वनगमन पथ पर निर्धारित किए गए आठ स्थानों पर भी भगवान राम की पच्चीस-पच्चीस फीट की ऊंची प्रतिमाएं लगाई जाएंगी। अगले डेढ़ महीने में राजिम, शिवरीनारायण और सरगुजा जिले के रामगढ़ में प्रतिमा स्थापित की जाएंगी।

वहीं, बाकी पांच जगहों पर अगले साल जून तक प्रतिमा स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है।

डायरिया-प्रकोप

सरगुजा जिले के बतौली विकासखंड के ग्राम सेदम में डायरिया से बारह से अधिक लोग बीमार हो गए है । गंभीर रूप से पीड़ित छह लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बतौली में भर्ती कराया गया है।

जबकि अन्य लोगों का इलाज गांव में ही अस्थाई अस्पताल बनाकर किया जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव ने स्वास्थ्य अमले को प्रभावित क्षेत्रों में कैम्प लगाकर समुचित जांच और उपचार की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।

वहीं, श्री सिंहदेव ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती मरीजों, उनके परिजनों और ब्लाॅक मेडिकल आफिसर से वीडियो काॅल के जरिए बात कर वस्तुस्थिति की जानकारी ली।

स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारी डाॅक्टर पी.एस. सिसोदिया सहित जिले के विशेष चिकित्सकों की टीम ग्राम सेदम में शिविर लगाकर प्रत्येक घरों में मरीजों की जांच कर रही है।

आप पढ़ रहे है – Best News Articles 4 September 2022

हाथी-आतंक

कोरबा जिले में हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। कटघोरा वनमंडल के बाद सोलह हाथियों का दल अब कोरबा वनमंडल में प्रवेश कर गया है।

मिली जानकारी के अनुसार बालको रेंज में अजगरबहार परिक्षेत्र के ग्राम डोंगाघाट में हाथियों का दल फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है। हालांकि, वन विभाग हाथियों को खदड़ने में जुटा हुआ है।

विभाग द्वारा मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है। क्षेत्र में हाथियों के विचरण से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और वे रतजगा करने को मजबूर है।

फुटबाॅल-चयन

बालोद जिले की किरण पिस्दा का नेपाल में होने वाले साउथ एशियन फुटबाॅल चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में चयन हुआ है। सुश्री किरण भारतीय टीम की ओर से फाॅरवर्ड पोजिशन में खेलेंगी।

भारत ग्रुप-ए में है, जिसका पहला मैच पाकिस्तान के साथ होगा। खेल और युवा कल्याण से मिली जानकारी के अनुसार किरण पिस्दा खेल विभाग द्वारा संचालित बालिका फुटबाॅल अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही थी।

वह राष्ट्रीय फुटबाॅल सीनियर टीम में चयनित होने वाली छत्तीसगढ़ की पहली खिलाड़ी है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सुश्री किरण पिस्दा को इस उपलब्धि के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी है ।

 

Best News Articles 4 September 2022 को पढने के लिए धन्यवाद् ।

Leave a Comment