Best News Articles 14 September 2022 in Hindi of Chhattisgarh की खबरें इस प्रकार है-
केन्द्रीय मंत्रिमंडल-फैसला
केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने छत्तीसगढ़ के बारह जाति समुदायों को अनुसूचित जनजातियों की सूची में शामिल करने को मंजूरी दे दी है।
राज्य की जिन बारह जाति समुदायों को अनुसूचित जनजाति में शामिल करने की सहमति दी गई है, उसके अनुसार भारिया, भूमिया के पर्याय के रूप में भूईंया, भूईयां, भूयां नाम के अंग्रेजी संस्करण को बिना बदलाव किए भरिया के रूप में भारिया का सुधार किया गया।
वहीं, पांडो के साथ पंडो, पण्डो, पन्डो और धनवार के पर्याय के रूप में धनुहार, धनुवार, गदबा, गोंड के साथ गोंड़, कौंध के साथ कोंद, कोडाकू के साथ कोड़ाकू और नगेसिया, नागासिया के पर्याय के रूप में किसान, धनगढ़ का परिशोधन धांगड़ के रूप में किया गया है।
केन्द्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री अर्जुन मुंडा ने नई दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि इन जातियों के लोग काफी समय से अनुसूचित जनजाति समुदाय की सूची में शामिल करने की मांग कर रहे थे, जिसे पूरा किया गया है।
उन्होनें कहा कि इस फैसले से इन जातियों के लोगों को वे सभी लाभ मिल सकेंगे जो अनुसूचित जनजातियों को मिलते हैं।
पेंशन-डीए
राज्य सरकार ने पेशनरों का डीए बढ़ा दिया है। जो सेवानिवृत्त कर्मचारी सातवें वेतनमान के हिसाब से पेंशन पा रहे हैं, उनके महंगाई भत्तें में छह प्रतिशत की वृद्धि हुई है और अब उन्हें अट्ठाईस प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा।
वहीं, जो सेवानिवृत्त कर्मचारी छठवें वेतनमान के हिसाब से पेंशन पा रहे हैं, उनके महंगाई भत्तें में पन्द्रह प्रतिशत की वृद्धि हुई है। अब उन्हें एक सौ नवासी प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा। बढ़ी हुई दरे बीते एक अगस्त से लागू मानी जाएगी।
पोषण माह-कार्यक्रम
राष्ट्रीय पोषण माह विषय पर बिलासपुर के मस्तूरी में आज एक दिवसीय समेकित लोकसंपर्क कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम भारत सरकार के सूचना और प्रसारण मंत्रालय, केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय बिलासपुर और महिला तथा बाल विकास विभाग के साथ अन्य संस्थानों के सहयोग से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अरुण साव ने किया। इस मौके पर उन्होंने लोगों को सुपोषण की शपथ दिलाई। सांसद ने कहा कि भारत सरकार सभी को सुपोषित करने के लिए तत्परता से कार्य कर रही है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे मस्तूरी विधायक डॉक्टर कृष्णमूर्ति बांधी ने अपने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरा विविध प्रकार की भाजियों से परिपूर्ण है।
हमारी भाजियां पोषक तत्वों से भरपूर हैं। समेकित लोकसंपर्क कार्यक्रम के तहत सुपोषण संबंधी रंगोली, प्रश्नमंच, निबंध, पेंटिंग, छत्तीसगढ़ केंद्रित पोषण थाली और पोषण का हार प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम में केंद्रीय संचार ब्यूरो बिलासपुर के क्षेत्रीय अधिकारी डॉक्टर प्रेम कुमार मौजूद थे।
ट्रेन परिचालन-प्रभावित
जबलपुर रेलमंडल में कटनी जंक्शन के पास दोहरीकरण कार्य के कारण सोलह सितंबर से तीन अक्टूबर तक रायपुर रेलंडल से गुजरने वाली अट्ठारह यात्री ट्रेनों का परिचालन प्रभावित होगा।
इस दौरान प्रमुख रूप से बिलासपुर-इंदौर नर्मदा एक्सप्रेस, बिलासपुर-भोपाल, जबलपुर-अंबिकापुर, रीवा-बिलासपुर, दुर्ग-निजामुद्दीन और लखनऊ-रायपुर गरीबरथ एक्सप्रेस सहित कई अन्य ट्रेनें रद्द रहेंगी।
वहीं, पन्द्रह सितंबर से दो अक्टूबर तक बरौना-गोंदिया को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा।
Also Read :- मंकीपॉक्स क्या है इसके लक्षण, बचाव एवं उपाय
हिन्दी दिवस
आज हिन्दी दिवस है। वर्ष 1949 में आज के ही दिन संविधान सभा ने देवनागरी लिपि में हिन्दी को राष्ट्र की राजभाषा के रूप में स्वीकार किया था।
हिन्दी विश्व में व्यापक रूप से बोली जाने वाली भाषाओं में एक है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने हिन्दी दिवस पर लोगों को बधाई दी है।
प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में उन लोगों को बधाई दी जिन्होंने हिन्दी को समृद्ध और सशक्त बनाने में अथक योगदान किया। उन्होंने कहा कि हिन्दी ने विश्व में भारत को विशेष सम्मान दिया है।
वहीं, केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि हिन्दी और स्थानीय भाषाएं देश की सांस्कृतिक पहचान हैं। इधर, छत्तीसगढ़ की राज्यपाल अनुसुईया उइके और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हिन्दी दिवस पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
आकाशवाणी केन्द्र रायपुर में हिन्दी दिवस पर आज एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। ‘देश की संपर्क भाषा हिन्दी‘ विषय पर आयोजित इस कार्यशाला को जाने-माने भाषाविद् डाॅक्टर चितरंजन कर ने संबोधित किया।
हिन्दी पखवाड़े के दौरान केन्द्र में उनतीस सितंबर तक विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा। वहीं, हिन्दी दिवस के मौके पर एनटीपीसी कोरबा में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
एनटीपीसी कोरबा के मुख्य महाप्रबंधक पी.एन. जेना ने कहा कि हिन्दी भाषा के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए सरल और बोलचाल में उपयोग होने वाले शब्दों का इस्तेमाल करना चाहिए।
भेंट-मुलाकात
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि दीपावली से पहले राजीव गांधी न्याय योजना की तीसरी किश्त हितग्राहियों के खाते में जमा करा दी जाएगी।
यह घोषणा मुख्यमंत्री ने आज भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दूसरे चरण में रायगढ़ जिले के खरसिया विधानसभा क्षेत्र के छाल में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि खरसिया और छाल के बीच माड़ नदी में पुल निर्माण कार्य जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
आप पढ़ रहे है – Best News Articles 14 September 2022
वहीं, खरसिया से छाल, छाल से धरमजयगढ़ और छाल से घरघोड़ा के बीच जल्द ही सड़क निर्माण कार्य किया जाएगा। उन्होंने कापू उप तहसील को पूर्ण तहसील का दर्जा देने के साथ ही क्षेत्र के विकास को लेकर कई अनेक घोषणाएं भी कीं।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने लोगों को भरोसा दिलाया कि बारिश का मौसम खत्म होते ही रायगढ़ जिले की खराब सड़कों को सुधार लिया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने दो सौ पांच करोड़ चौदह लाख रुपये की लागत के तेरह विभिन्न विकास के कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
खरसिया प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने सिविल अस्पताल में ब्लड बैंक का उद्घाटन किया। बताया जाता है कि राज्य का यह पहला सिविल अस्पताल है, जहां ब्लड बैंक की स्थापना की गई है।
वहीं, घरघोड़ा में भेंट-मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने वहां जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक की स्थापना और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का उन्नयन करने के साथ ही कई अन्य घोषणाएं भी कीं।
राष्ट्रीय महिला आयोग-दौरा
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा आज रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग के कार्यालय पहुंची और आयोग की गतिविधियों की जानकारी ली।
श्रीमती शर्मा ने सेरीखेड़ी ग्राम पंचायत स्थित कल्पतरु मल्टीयूटिलिटी सेंटर पहुंचकर महिला स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित की जा रही विभिन्न आर्थिक गतिविधियों का भी अवलोकन किया।
यहां महिलाएं सैनिटाइज़र, चप्पल, फिनाइल, अगरबत्ती, बिस्किट, साबुन, बल्ब आदि बनाकर आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं।
छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डाॅक्टर किरणमयी नायक ने राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष का राजकीय गमछा और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मान किया। डॉक्टर नायक ने रेखा शर्मा को राज्य महिला आयोग का निरीक्षण कराया और आयोग के कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।
बारिश
लगातार हुई बारिश के बाद गोदावरी नदी से पानी छोड़े जाने की वजह से सुकमा जिले के कोंटा सीमा से लगे पड़ोसी राज्य आंध्रप्रदेश के वीरापुरम में एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमाक-तीस पर जलभराव हो गया है।
कल शाम इस मार्ग पर करीब एक फीट ऊपर पानी बह रह था। गोदावरी नदी का जलस्तर बावन फीट के करीब पहुंच चुका है। बताया जाता है कि अगर जलस्तर और बढ़ा तो छत्तीसगढ़ का संपर्क आंध्रप्रदेश और तेलंगाना राज्यों से टूट जाएगा।
इस वर्ष बारिश के कारण इस मार्ग पर चैथी बार यातायात बाधित हुआ है। वहीं, राजनांदगांव जिले में भी शिवनाथ नदी उफान पर हैं। मोंगरा, घुमरिया और सूखा नाला बैराज से लगातार पानी छोड़े जाने के कारण कई जगहों पर बाढ़ की स्थिति बन गई है।
नदी में पानी का बहाव तेज होनेकी वजह से डोंगरगांव का दर्री-मटिया एनीकट क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे नदी के बहाव की दिशा बदल गई और आसपास के खेतों में पानी भर गया है।
फसलों को नुकसान होने से स्थानीय किसान चिंतित है और उन्होंने प्रदर्शन भी किया। जिला प्रशासन और सिंचाई विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर किसानों को मुआवजा देने के प्रति आश्वस्त किया, तब जाकर किसान शांत हुए।
दुर्घटना
भिलाई में तेज रफ्तार मोटर साइकिल के अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से इसमें सवार दो युवकों की मौत हो गई। जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया है।
वहीं, बलौदाबाजार जिले के पलारी थाना क्षेत्र में कोदवा गांव के पास कल हुए एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि पांच लोग घायल हो गए हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
इधर, रायपुर के सिलतरा स्थित एक निजी संयंत्र में तीस फीट की ऊंचाई से गिरकर एक श्रमिक की मौत हो गई। घटना से नाराज लोगों ने चक्काजाम किया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद यह चक्काजाम खत्म किया गया।
संक्षिप्त समाचार
– यूनिसेफ के भारत प्रमुख यासूमासा किमूरा ने कोंडागांव जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण क्षेत्र में बेहतर कार्य करने संबंधी विभिन्न बिन्दुओं पर चर्चा की।
– अंबिकापुर की एक सौ आठ वर्षीय कनक रानी दत्ता का निधन हो गया। जिला प्रशाासन ने इन्हें मतदाता आइकाॅन घोषित किया था।
– प्लास्टिक मुक्त भारत और स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए जगदलपुर के दलपत सागर में रिवर्स वेंडिंग मशीन स्थापित की गई है। इस मशीन में प्लास्टिक बोतल और अन्य कचरा डालने पर लोगों को कूपन मिलेगा जिससे वे डिस्काउंट पर दुकानों से सामान ले सकेंगे।
– बिलासपुर से रायगढ़ के लिए निकली एक मालगाड़ी आज नैला जांजगीर के पास सत्रह डिब्बों को छोड़कर चांपा पहुंच गई। रेल विभाग की सतर्कता के कारण किसी तरह का कोई हादसा नहीं हुआ।
– मौसम विभाग ने कल राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने या एक-दो जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई है।