Best News Articles 21 September 2022 in Hindi of Chhattisgarh की खबरें इस प्रकार है-
वन कर्मचारी-हड़ताल
हड़ताल कर रहे वन विभाग के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के स्थान पर नये कर्मचारियों की नियुक्ति की जाएगी। इसे लेकर वन विभाग की सचिव आर. संगीता ने सभी विभाग प्रमुखों को पत्र लिखा है।
सुश्री संगीता ने कहा है कि लंबे समय से अनुपस्थित कर्मचारियों के कारण जनहित से जुड़े कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इसे देखते हुए नये कर्मचारियों को काम पर लेने की प्रक्रिया शुरू की जाए।
गौरतलब है कि राज्य के करीब सवा लाख दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। इस हड़ताल में वन विभाग के करीब सात हजार कर्मचारी भी शामिल हुए थे, जिनमें से ढाई हजार कर्मचारी अभी भी काम पर नहीं लौटे हैं।
इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी विभाग प्रमुखों को पत्र लिखकर काम पर नहीं लौटने वाले दैनिक वेतनभोगी या संविदा कर्मचारियों को हटाकर उनकी जगह पर नई नियुक्तियां करने के आदेश दिए हैं।
राज्यपाल-बस्तर प्रवास
राज्यपाल अनुसुईया उइके तीन दिवसीय बस्तर प्रवास पर हैं। आज जगदलपुर पहुंचने पर एयरपोर्ट में बस्तर संभाग के आयुक्त और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
इसके बाद राज्यपाल ने स्थानीय विश्राम गृह में अधिकारियों के साथ संभाग से जुड़े विभिन्न समसामयिक विषयों पर चर्चा की और जरूरी दिशा-निर्देश भी दिये।
राज्यपाल अपने बस्तर प्रवास के दौरान सैनिक कल्याण बोर्ड सहित अन्य संगठनों द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगी। इसके साथ ही वे कोंडागांव जिले के सल्फीपदर गांव का भम्रण भी करेेंगी।
पुस्तक यात्रा-शुभारंभ
राज्यपाल अनुसुईया उइके ने आज राजभवन से विश्वरंग कार्यक्रम के अंतर्गत ‘‘पुस्तक यात्रा’’ का शुभारंभ किया। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत डॉक्टर सी.वी. रमन विश्वविद्यालय द्वारा पुस्तक यात्रा आज से तीस सितम्बर तक आयोजित की जा रही है।
यह पुस्तक यात्रा छत्तीसगढ़ सहित मध्यप्रदेश, बिहार और झारखण्ड के विभिन्न शहरों तथा गांवों से होकर गुजरेगी। इस मौके पर राज्यपाल ने कहा कि आज के तकनीकी युग में लोग पुस्तकों से दूर होते जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पुस्तक हमारे जीवन में प्रेरणा देती हैं। विश्व में महान् संत, विचारक, दार्शनिक हुए हमें उन्हें पढ़ना और उनके विचारों को आत्मसात् करना चाहिए।
भेंट-मुलाकात
भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने डौंडीलोहारा क्षेत्र में एक सौ उनसठ करोड़ रूपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
जगन्नाथपुर में ग्रामीणों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंचाई गांव औराभाठा को राजस्व ग्राम घोषित किया जाएगा। उन्होंने बालोद में नवनिर्मित इंडोर स्टेडियम का शुभारंभ भी किया।
भाजपा-पत्रकारवार्ता
भारतीय जनता पार्टी ने राज्य की कांगे्रस सरकार पर साजिश रचकर आदिवासी वर्ग के आरक्षण में कटौती कराने का आरोप लगाया है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता नंदकुमार साय, रामविचार नेताम, विष्णुदेव साय, विक्रम उसेंडी, केदार कश्यप, महेश गागड़ा और विकास मरकाम ने रायपुर में एक संयुक्त प्रेसवार्ता में कहा कि भाजपा ने आदिवासी समाज के हित में ऐतिहासिक कदम उठाते हुए उनके आरक्षण को बीस से बढ़ाकर बत्तीस प्रतिशत किया।
लेकिन, राज्य की कांगे्रस सरकार ने सुनियोजित तरीके से आदिवासियों के हितों पर आघात किया है।
भाजपा सेवा पखवाड़ा
भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में छत्तीसगढ़ सहित देशभर में सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में मुंगेली के जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित रक्तदान शिविर में सत्तर से अधिक युवाओं ने रक्तदान किया।
यह शिविर आगामी दो अक्टूबर तक चलेगा। इस अवसर पर विधायक पुन्नूलाल मोहले और जिला भाजपा अध्यक्ष शैलेश पाठक सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
इस बीच, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव और नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल आज से पांच दिवसीय बस्तर संभाग के प्रवास पर हैं। इस दौरान वे पच्चीस सितंबर तक पांच जिलों का दौरा करेंगे और कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर उनसे विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आव्हान करेंगे।
पाठयक्रम-फीस निर्धारण
प्रवेश और फीस विनियामक समिति की बैठक में राज्य के निजी कॉलेजों में विभिन्न पाठ्यक्रमों के लिए इस वर्ष फीस में किसी तरह की बढ़ोतरी नहीं की गई है। वहीं, शिक्षण संस्थाओं को छात्रों से कोई भी अतिरिक्त शुल्क नहीं लेने के निर्देश भी दिए गए हैं।
माओवादी-आत्मसमर्पण
सुकमा जिले में पांच माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है। इन माओवादियों ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल-सीआरपीएफ के उप पुलिस महानिरीक्षक राजीव कुमार ठाकुर और पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के समक्ष कोलाईगुड़ा कैम्प में आत्मसमर्पण किया। ये सभी माओवादी भेज्जी इलाके में सक्रिय थे।
सुपेबेड़ा-मौत
गरियाबंद जिले के सुपेबेड़ा में बीते दो दिनों के दौरान दो ग्रामीणों की मौत हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन ग्रामीणों की मौत किडनी की बीमारी से हुई है। जबकि, चिकित्सकों के अनुसार मृतक ग्रामीणों में से एक को लंग कैंसर और दूसरे को मधुमेह सहित अन्य बीमारियां थीं।
राजू श्रीवास्तव-निधन
प्रसिद्ध हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव का आज नई दिल्ली के एम्स अस्पताल में निधन हो गया। वे अंठावन वर्ष के थे। बीते बयालीस दिनों से वे अस्पताल में वेंटीलेटर पर थे।
Also Read :- मंकीपॉक्स क्या है इसके लक्षण, बचाव एवं उपाय
बीते दस अगस्त को जिम में कसरत करने के दौरान श्री श्रीवास्तव को दिल का दौरा पड़ा था। उनकी मौत की खबर सामने आते ही देश में शोक की लहर दौड़ गई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ ही देश के सभी जाने-माने लोगों ने उनके निधन पर शोक जताया है।
राज्यपाल अनुसुईया उइके और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजू श्रीवास्तव के निधन पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि श्री श्रीवास्तव ने इस देश को हंसना और खुश रहना सिखाया है और उनका निधन देश के लिए अपूरणीय क्षति है।
बीएसएफ-दौरा
सीमा सुरक्षा बल-बीएसएफ के अतिरिक्त महानिदेशक आशीष गुप्ता ने कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर स्थित सामरिक मुख्यालय मुल्ला कैंप और माओवाद प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया।
इस दौरान उन्होंने मुल्ला कैंप में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए पौधारोपण किया और सैनिक सम्मलेन में शामिल हुए। श्री गुप्ता ने जवानों से माओवाद उन्मूलन के लिए संचालित ऑपरेशन के दौरान सावधानी बरतने और अधिक से अधिक सफलता हासिल करने का आव्हान किया।
उन्होंने माओवाद प्रभावित क्षेत्र में तैनात अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे उस इलाके में रहने वाले आदिवासियों की सुरक्षा का ध्यान रखते हुए उनकी मदद करें।
अमृत महोत्सव-कार्यक्रम
आजादी के अमृत महोत्सव के तहत इन दिनों बस्तर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
केन्द्रीय सूचना और प्रसारण मंत्रालय के अधीन केन्द्रीय संचार ब्यूरो के जगदलपुर क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा जिले के ग्राम पंचायत बड़े मोरठपाल में पोषण माह पर विशेष जागरूकता प्रचार कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इसमें बस्तर लोक कला मंडली, नगरनार द्वारा कुपोषण के खिलाफ जागरूकता पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। साथ ही कुर्सी दौड़, निबंध लेखन, चित्रकला, रंगोली, नृत्य और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
जीपीएफ खाता-ठगी
जनरल प्रोविडेंट फंड-जीपीएफ खातों से उनसठ लाख रूपये की ठगी के मामले में बिलासपुर एएसपी आफिस की फंड शाखा प्रभारी के पद पर पदस्थ एएसआई मधुशिला सुरजाल को निलंबित और हेड कांस्टेबल संजय श्रीवास्तव को बर्खास्त कर दिया गया है।
दोनों पुलिसकर्मियों पर आपसी मिलीभगत से ठगी करने का आरोप है। दो दिन पहले ही पुलिस ने हेड कांस्टेबल संजय श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया था। वहीं, मधुशिला सुरजाल फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
आप पढ़ रहे है – Best News Articles 21 September 2022
वहीं, भिलाई नगर के रिसाली क्षेत्र में नौकरी लगाने के नाम पर दस लोगों से करीब दस लाख रूपये की ठगी के मामले में नेवई पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने रिसाली नगर पालिका निगम कार्यालय में नौकरी लगाने के नाम पर करीब दो साल पहले लोगों से पैसे लिए थे।
इसके अलावा भिलाई नगर निगम थाना क्षेत्र के तालपुरी में अज्ञात आरोपी ने क्रेडिट कार्ड नवीनीकरण के नाम पर एक बुजुर्ग के खाते से चार लाख अटहत्तर हजार रूपये से अधिक की राशि निकाल ली है।
एम्स-हिन्दी पखवाड़ा
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान-एम्स रायपुर में हिन्दी पखवाड़े के तहत चिकित्सकों और अन्य अधिकारियों के साथ विद्यार्थियों के लिए हिंदी में काव्य पाठ, निबंध और कविता लेखन सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।
एम्स के निदेशक प्रोफेसर डॉक्टर नितिन एम. नागरकर ने सभी विभागों को मरीजों के इलाज के दौरान उनके साथ बातचीत में हिंदी और छत्तीसगढ़ी का अधिक से अधिक प्रयोग करने के निर्देश दिए हैं।
मौसम
मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ सहित सीमावर्ती राज्य ओडिशा, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के विदर्भ में अगले दो दिनों तक तेज वर्षा होने की चेतावनी दी है। बंगाल की खाड़ी और उत्तरी ओड़िशा तथा पश्चिम बंगाल तट पर हवा के कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। वहीं, एक निम्न दाब का क्षेत्र उत्तर-पूर्व मध्यप्रदेश और उसके आसपास स्थित है।
इसके असर से प्रदेश में कल कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की भी संभावना है। इस दौरान एक-दो स्थानों पर आकाशीय बिजली गिर सकती है।
संक्षिप्त समाचार
– राज्य सरकार ने खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दिए जाने वाले गुण्डाधूर और तीरंदाजी के क्षेत्र में दिए जाने वाले महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान के लिए आगामी दस अक्टूबर तक अनुशंसाएं आमंत्रित की हैं।
– जांजगीर-चांपा जिले के दस गांवों में प्रारंभिक स्तर पर आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए ड्रोन के माध्यम से गिरदावरी का सर्वेक्षण किया जा रहा है।
– बिलासपुर के कोनी स्थित जिला रोजगार और स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र में तेईस सितंबर को सुबह दस बजे से दोपहर तीन बजे तक प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन किया जाएगा।