Best News Articles 25 September 2022

Best News Articles 25 September 2022 in Hindi of Chhattisgarh की खबरें  इस प्रकार है-

मन की बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दो अक्टूबर को गांधी जयंती और आगामी त्यौहारों को देखते हुए लोगों से स्थानीय उत्पादों के खरीद अभियान को तेज करने की अपील की है।

आज आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में श्री मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि सबको मिलकर स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देना चाहिए।

बीते वर्षोें से हमारे त्यौहारों के साथ देश का एक नया संकल्प भी जुड़ गया है। आप सब जानते हैं, ये संकल्प है -‘वोकल फॉर लोकल’ का। अब हम त्यौहारों की खुशी में अपने लोकल कारीगरों को, शिल्पकारों को और व्यापारियों को भी शामिल करते हैं।

बापू की जयंती के मौके पर हमें इस अभियान को और तेज करने का संकल्प लेना है। खादी, हैंण्डलूम, हैंडीक्राफ्ट ये सारे प्रोडक्ट के साथ-साथ लोकल सामान जरुर खरीदें।

आखिर इस त्यौहार का सही आनंद भी तब है, जब हर कोई इस त्यौहार का हिस्सा बने। प्रधानमंत्री ने कहा कि कल से नौ दिन का नवरात्र पर्व शुरू हो रहा है।

उन्होंने कहा कि भारतीय त्यौहार अनुशासन और आत्म नियंत्रण के माध्यम से सिद्धि प्राप्ति का संदेश देते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि दशहरे के बाद धनतेरस और दीपावली मनाई जाएगी और इन त्यौहारों के साथ भी स्थानीय उत्पादों की खरीद का संकल्प जुड़ा हुआ है।

प्रधानमंत्री ने त्यौहारों के दौरान पैकिंग और पैकेजिंग के लिए पाॅलीथीन बैग के उपयोग पर निराशा व्यक्त की।

केंद्रीय राज्यमंत्री-पत्रकारवार्ता

केंद्रीय रसायन और उर्वरक राज्यमंत्री भगवंत खूबा ने कहा है कि केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ सरकार को मांग के अनुरूप खाद की आपूर्ति कर दी है। उन्होंने कहा कि देश के किसी भी किसान को खाद की किल्लत नहीं होने दी जाएगी।

केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार किसानों के मामले में राजनीति न करे । दुनियाभर में विभिन्न कारणों से खाद की कीमतों में पांच गुना बढ़ोत्तरी हुई है। लेकिन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किसानों की समस्याओं को देखते हुए खाद की सब्सिडी बढ़ा दी है।

मुख्यमंत्री-डीएमएफ

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अध्यक्षता में आज उनके निवास कार्यालय में खनिज न्यास मद की राज्य स्तरीय निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मुख्यमंत्री ने डीएमएफ मद से उच्च और सामान्य प्राथमिकताओं के मद्देनजर मितव्ययिता पर विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा है स्वास्थ्य और शिक्षा संबंधी उपकरणों की खरीदी के लिए विभागीय बजट का उपयोग किया जाए, इसके लिए डीएमएफ मद का उपयोग न हो।

उन्होंने यह भी कहा कि जिले में आयोजित होने वाले मेला समारोह में डीएमएफ की राशि का उपयोग नहीं किया जाए। डीएमएफ मद के आय-व्यय के सोशल आडिट के लिए राज्य स्तरीय प्रकोष्ठ का गठन भी किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खनिज मद की राशि का आवंटन नये पांच जिलों के लिए भी सुनिश्चित हो, ताकि विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण हो सके। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों के लिए इस मद से उपकरणों की खरीदी की अनुमति रहेगी।

परीक्षाएं-रद्द

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने पेपर लीक होने के बाद कक्षा पहली से बारहवीं तक की होने वाली तिमाही परीक्षाएं रद्द कर दी हैं।

अब प्रदेश के सभी स्कूल अपने-अपने स्तर पर परीक्षा ले सकेंगे। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।


Also Read :-   मंकीपॉक्स क्या है इसके लक्षण, बचाव एवं उपाय


 

स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डाॅक्टर आलोक शुक्ला ने जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर कहा है कि बच्चों में शैक्षणिक गुणवत्ता के आंकलन के लिए राज्य सरकार ने सरकारी स्कूलों में भी त्रैमासिक परीक्षा लेने का निर्णय लिया था।

छब्बीस से उनतीस सितंबर तक पहली से पांचवीं और छब्बीस से एक अक्टूबर तक छठवीं से आठवीं तक की परीक्षा होनी थी। लेकिन, प्रश्न पत्र लीक हो जाने के कारण परीक्षाएं रद्द कर दी गईं।

अब तिमाही परीक्षा के लिए पेपर स्कूल स्तर पर ही तैयार किए जाएंगे। सभी परीक्षाएं दस अक्टूबर तक संपन्न करानी होगी। प्रश्न पत्र छपवाने की बजाय ब्लैक बोर्ड पर लिखकर विद्यार्थियों को हल करने के लिए दिया जाएगा।

दीनदयाल उपाध्याय-जयंती

एकात्म मानववाद के प्रवर्तक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की आज जयंती है। इस मौके पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है।

प्रधानमंत्री ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय को महान मानवतावादी, चिंतक और भारत का सच्चा सपूत बताया है। इधर, छत्तीसगढ़ में भी पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

रायपुर के तेलीबांधा में स्थित उनकी प्रतिमा पर केंद्रीय उर्वरक और रसायन राज्यमंत्री भगवंत खूबा ने माल्र्यापण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर उन्होंने कहा कि देश के अंतिम पायदान तक बैठे व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचे, यही अंत्योदय का सिद्धांत है।

केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार ने इसी का अनुसरण कर जनहित की योजनाएं तैयार की हैं और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के दिखाए मार्ग पर चल रही है। वहीं, रायपुर नगर निगम और संस्कृति विभाग द्वारा भी पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्र्यापण किया गया।

विश्व पर्यटन दिवस

आगामी सत्ताईस सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस है। इस वर्ष की थीम है – पर्यटन पर पुनर्विचार। इस मौके पर राजधानी रायपुर में राष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन किया जाएगा।

सेमिनार के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल होंगे। वहीं, कार्यक्रम की अध्यक्षता पर्यटन मंत्री ताम्रध्वज साहू करेंगे। सेमिनार में छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल प्लेटिनम प्रायोजक है।

इस सेमिनार में देश के अलग-अलग क्षेत्रों से विशेषज्ञों के अलावा छत्तीसगढ़ पर्यटन और पड़ोसी राज्यों के पर्यटन से संबंधित स्टेक होल्डर्स भी शामिल होंगे।

भाजपा-सेवा पखवाड़ा

भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में छत्तीसगढ़ सहित देशभर में सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है।

इसी कड़ी में अमृत सरोवर में श्रमदान करने दुर्ग शहर के चारों मंडलो  के भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक-एक तालाबों की सफाई की। यह अभियान भाजपा के मछुआरा प्रकोष्ठ के बैनर तले चलाया गया।

आप पढ़ रहे है – Best News Articles 25 September 2022

वहीं, कल भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ द्वारा भाजपा कार्यालय दुर्ग में सुबह साढ़े दस बजे से विशेष कोविड टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा।

उधर, मुंगेली जिले में भाजपा सांस्कृतिक और एनजीओ प्रकोष्ठ के तत्वावधान में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने ‘‘वोकल फाॅर लोकल’’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके अलावा भाजपा महिला मोर्चा ने जल संरक्षण के लिए जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया।

सीबीआई-आपरेशन मेघ चक्र

सीबीआई ने आपरेशन मेघ चक्र के तहत बाल यौन शोषण सामग्री को डाउनलोड और प्रसारित करने से संबंधित दो मामलों में इक्कीस राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में लगभग उनसठ स्थानों पर तलाशी ली।

इनमें छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर भी शामिल हैं। सीबीआई ने इंटरपोल की बच्चों के विरूद्ध अपराध इकाई सिंगापुर से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई की है।

तलाशी के दौरान पचास से अधिक संदिग्धों के मोबाइल, लैपटाॅप सहित अन्य इलेक्ट्राॅनिक उपकरण बरामद किए गए। इन उपकरणों की प्रारंभिक जांच में कथित तौर पर कई इलेक्ट्राॅनिक उपकरणों मे बड़ी मात्रा में बाल यौन शोषण सामग्री होने की सूचना मिली। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।

धोखाधड़ी

राजधानी रायपुर में आनलाइन धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। अज्ञात आरोपी ने क्रेडिट कार्ड बंद होने का झांसा देकर चैबीस घंटे के भीतर वसुंधरा नगर चंगोराभाटा निवासी एक एलआईसी अधिकारी सनद कुमार धीवर के खाते से करीब दस लाख रूपये निकाल लिए।

डीडी नगर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

शारदेय नवरात्र

शक्ति की आराधना का पर्व शारदेय नवरात्र कल से शुरू हो रहा है। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न देवी मंदिरों में नौ दिनों तक विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। देवी मंदिरों और शक्तिपीठों में मनोकामना ज्योति कलश की स्थापना भी की जाएगी।

राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न देवी मंदिरों में आकर्षक साज-सज्जा की जा रही है। कई समितियों द्वारा सार्वजनिक स्थलों पर पंडालों में देवी की प्रतिमाएं भी स्थापित की जाएंगी।

राजनांदगांव जिला प्रशासन ने डोंगरगढ़ में स्थित मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए पहुंचने वाले भक्तों को इस बार सुरक्षा के साथ सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

कलेक्टर डोमन सिंह ने एसडीएम और अन्य अधिकारियों को चाक-चैबंद व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। उधर, दंतेवाड़ा की मां दंतेश्वरी, रतनपुर की मां महामाया और सक्ती जिले की मां चंद्रहासिनी मंदिर में नवरात्र की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

राज्यपाल अनुसुईया उइके, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और विधानसभा अध्यक्ष डाॅक्टर चरणदास महंत ने प्रदेशवासियों को देवी उपासना के पर्व नवरात्रि की बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

अपने संदेश में राज्यपाल ने कामना की है कि उपासना का यह पर्व प्रदेश के सभी नागरिकों के जीवन में सुख-शांति और समृद्धि लेकर आए।

संक्षिप्त समाचार

– राजनांदगांव जिले के बकरकट्टा थाना क्षेत्र में तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों की टीम ने सात किलो वजनी टिफिन बम बरामद किया, जिसे मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया गया।

– सक्ती जिले के चंद्रपुर में शासकीय महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय सेवा योजना के स्थापना दिवस पर रैली निकाली और लोगों को नशामुक्ति, स्वास्थ्य, शिक्षा और पौधारोपण को लेकर जागरूक किया।

– गरियाबंद जिले में अमलीपदर से दुर्गा प्रतिमा लेने जा रहा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, चार अन्य घायल हो गए हैं।

Best News Articles 25 September 2022 को पढने के लिए धन्यवाद् ।

Leave a Comment