Best News Articles 28 September 2022 in Hindi of Chhattisgarh की खबरें इस प्रकार है-
केंद्रीय मंत्रिमंडल-फैसला
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना को इस साल अक्टूबर से दिसंबर तक और तीन महीने के लिए बढ़ाने को मंजूरी दे दी है।
वहीं, मंत्रिमंडल ने केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई राहत में चार प्रतिशत की वृद्धि को भी मंजूरी दे दी है।
पीएफआई-प्रतिबंध
केंद्र सरकार ने पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया-पीएफआई और इसके सहयोगियों तथा इससे संबद्ध गुटों पर तुरंत प्रभाव से पांच वर्ष के लिए प्रतिबंध लगा दिया है।
केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा जारी की गई अधिसूचना में कहा गया है कि पीएफआई और उसके सहयोगी गुट देश में गैर-कानूनी और आतंकी गतिविधियों में शामिल है।
सरकार का यह मानना है कि यदि पीएफआई और इससे जुड़े गुटों की गैर-कानूनी गतिविधियों पर तुरंत पाबंदी नहीं लगाई गई, तो ये देश के संवैधानिक ढांचे को कमजोर करने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने के इरादे से अपनी गतिविधियां जारी रखेंगे।
हाल ही में राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण-एनआईए, प्रवर्तन निदेशालय और कई राज्यों की पुलिस ने संयुक्त अभियान में पीएफआई से जुड़े ठिकानों पर छापे मारे थे।
सिकलसेल प्रबंधन केंद्र
राज्य में आगामी दो अक्टूबर को गांधी जयंती से सभी जिला अस्पतालों में सिकलसेल प्रबंधन केंद्र की शुरूआत की जाएगी।
यह जानकारी आज राज्य के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री टी.एस. सिंहदेव ने रायपुर में हुई स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में दी।
उन्होंने कहा कि आगामी माह से लोगों को सस्ती दर पर पैथोलॉजी लैब की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सभी हमर लैब के आस-पास के क्षेत्रों से सैंपल एकत्र किए जाएंगे, जिससे लोगों को निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में पैथोलॉजी की सुविधा मिल सके।
मल्टीमीडिया चित्र प्रदर्शनी
केंद्रीय संचार ब्यूरो के प्रादेशिक कार्यालय द्वारा डोंगरगढ़ के बम्लेश्वरी मंदिर परिसर में मल्टीमीडिया चित्र प्रदर्शनी आज से शुरू हो गई है।
राजनांदगावं के सांसद संतोष पांडेय ने इस प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। वहीं, डोंगरगढ़ के विधायक भुनेश्वर बघेल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में पिछले आठ वर्षों के दौरान केन्द्र सरकार द्वारा सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के क्षेत्र में किए गए विभिन्न कार्यों को चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है।
इस प्रदर्शनी के दौरान लोगों को कुपोषण से बचने की जानकारी देने के लिए जागरूकता स्टाॅल भी लगाया गया है। आज प्रदर्शनी के पहले दिन आजादी के अमृत महोत्सव के तहत नगर में एक रैली निकाली गई, जिसमें गणमान्य नागरिकों के साथ ही स्कूल-काॅलेज के विद्यार्थियों और एनएसएस-एनसीसी के कैडेटों ने भी हिस्सा लिया।
रैली में शामिल लोक-कलाकारों ने गीत-संगीत के माध्यम से आम लोगों को जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि किसी भी योजना का लाभ लेने के लिए उसके बारे में विस्तार से जानना जरूरी है।
Also Read :- मंकीपॉक्स क्या है इसके लक्षण, बचाव एवं उपाय
इसीलिए सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के लिए प्रतिबद्ध केन्द्र सरकार द्वारा आम लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से यह प्रदर्शनी लगाई गई है।
उन्होंने पिछले कुछ वर्षों के दौरान केन्द्र सरकार द्वारा शुरू की गई विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की भी विस्तार से जानकारी दी।
पेंशन प्रकरण-निराकरण
प्रदेश में सेवानिवृत्त कर्मचारियों के पेंशन प्रकरणों को तत्काल निपटाने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं।
इसके लिए पेंशन प्रकरणों का परीक्षण कर एक ही बार में समस्त आपत्तियां दर्ज की जाएंगी और इन आपत्तियों का पेंशन कार्यालय में ही निराकरण किया जाएगा।
प्रदेश की वित्त सचिव अलरमेल मंगई डी. ने आज वित्त विभाग की समीक्षा बैठक में इस संबंध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
सड़क-मरम्मत
राज्य में सड़कों की मरम्मत से संबंधित कार्यों को निश्चित समय पर पूरा करने के लिए लोक निर्माण विभाग ने नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की है।
इस कार्य में सभी जिला कलेक्टरों को भी निगरानी और समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है।
लोक निर्माण विभाग के सचिव सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी ने सभी कलेक्टरों को लिखे गए पत्र में कहा है कि वे अपने-अपने जिले में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों की लगातार निगरानी करें और इन परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा कराने के लिए आवश्यक कदम उठाएं।
राज्यपाल-पुस्तक विमोचन
राज्यपाल अनुसुईया उइके ने आज राजभवन में छत्तीसगढ़ राज्य सूचना आयोग के कुछ महत्वपूर्ण फैसलों के संकलन पर आधारित पुस्तिका ‘‘महत्वपूर्ण निर्णय’’ का विमोचन किया।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि इस संकलन से आम लोगों के साथ ही विभिन्न विभागों में काम करने वाले जनसूचना अधिकारियों को भी लाभ मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि मजबूत लोकतंत्र के लिए प्रशासन का पारदर्शी होना और आम लोगों को सूचना का अधिकार प्राप्त होना आवश्यक है।
आप पढ़ रहे है – Best News Articles 28 September 2022
राज्यपाल ने सुझाव दिया कि प्रदेश के आदिवासी बहुल जिलों में जनसूचना अधिकारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किये जाएं, ताकि वहां के जनसूचना अधिकारियों को नियमों और प्रक्रियाओं की बेहतर जानकारी प्राप्त हो सके।
कार्यक्रम में मुख्य सूचना आयुक्त एम. के राउत सहित राज्य सूचना आयोग के अन्य सदस्य और अधिकारी उपस्थित थे।
रमन सिंह-पत्रकारवार्ता
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डाॅक्टर रमन सिंह ने प्रदेश में सड़कों की हालत के लिए राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया है।
आज रायपुर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए डाॅक्टर सिंह ने आरोप लगाया कि कुछ विशेष क्षेत्रों में ही विकास कार्यों के लिए पैसा खर्च किया जा रहा है, जबकि अन्य क्षेत्रों की उपेक्षा की जा रही है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि वे स्वयं सड़क मार्ग से विभिन्न क्षेत्रों का दौरा करें, ताकि उन्हें सड़कों की मौजूदा स्थिति की जानकारी हो सके।
भाजपा महिला मोर्चा-आंदोलन
भारतीय जनता महिला मोर्चा की प्रदेश इकाई द्वारा शराबबंदी, महिला सुरक्षा और रेडी-टू-ईट पोषण आहार के मुद्दे को लेकर आगामी तीन नवंबर को बिलासपुर में महतारी हुंकार रैली का आयोजन किया जाएगा।
रायपुर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए भाजपा की राज्यसभा सांसद सरोज पांडे और प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष शालिनी राजपूत ने बताया कि इस हुंकार रैली में प्रदेश के सभी जिलों से महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं को एकत्र किया जाएगा।
सरोज पांडेय और शालिनी राजपूत ने राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि कांगे्रस के चुनावी घोषणा पत्र में शराबबंदी का वायदा किया गया था, लेकिन इसे अभी तक पूरा नहीं किया गया है।
सरोज पांडेय ने बताया कि आंदोलन से पहले आगामी सात से ग्यारह अक्टूबर तक महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर महिला समूहों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और विद्या मितानिनों से संपर्क किया जाएगा।
इससे पहले, कल भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की रायपुर में हुई बैठक में पार्टी की आगामी रणनीति और कार्यक्रमों पर चर्चा की गई।
मौसम
देश में मानसून की विदाई का क्षेत्र आगे बढ़ने के लिए स्थितियां अनुकूल बनी हुई है। अगले दो से तीन दिनों में राजस्थान और उससे लगे राज्यों के कुछ भाग से मानसून की विदाई हो सकती है।
इस बीच, मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ में अगले चैबीस घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।
वहीं, एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात होने की भी आशंका जताई है। राजधानी रायपुर में आज दोपहर से कई इलाकों में तेज बारिश दर्ज की गई।
संक्षिप्त समाचार
– राष्ट्रीय खेल पुरस्कार के लिए आवेदन करने की तारीख सत्ताईस सितंबर से बढ़ाकर एक अक्टूबर कर दी गई है।
– आज ‘विश्व रेबीज दिवस‘ है। इस अवसर पर प्रदेशभर में अनेक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी कड़ी में कोंडागांव में नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों द्वारा रैली निकालकर लोगों को इस रोग के प्रति जागरूक किया गया।
– मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बीरगांव में शहीद नंदकुमार पटेल महाविद्यालय के नये भवन का लोकार्पण किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने श्री पटेल की प्रतिमा का अनावरण भी किया।
– प्रदेश के उद्योग मंत्री कवासी लखमा ने सुकमा के मिनी स्टेडियम में राजीव युवा मितान क्लब के सम्मलेन को संबोधित किया। इस मौके पर उन्होंने सांस्कृतिक भवन के लिए दस लाख रूपये देने की घोषणा की।
– छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष ज्ञानेश शर्मा ने आज रायपुर के टिकरापारा वार्ड के सरयूबांधा तालाब से लगे उद्यान मंे निःशुल्क योगाभ्यास केंद्र का शुभारंभ किया।
– रायगढ़ के शासकीय महाविद्यालय में प्रवेश संबंधी विवाद के दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के एक कार्यकर्ता पर हुए हमले के मामले में आज पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
– दुर्ग पुलिस ने आनलाइन सट्टा कारोबार के खिलाफ अपनी कार्रवाई जारी रखते हुए आज दस आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब पंद्रह हजार रूपये नगद के अलावा मोबाइल फोन और
अन्य इलेक्ट्राॅनिक सामान बरामद किए। जिला पुलिस द्वारा पिछले एक हफ्ते के दौरान सट्टा कारोबार से जुड़े करीब सौ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
– भारतीय रेल द्वारा इन दिनों स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसके तहत आज ‘‘स्वच्छ नीर’’ थीम पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
– मध्यप्रदेश के शहडोल से भिलाई आकर बच्चा चुराने वाले गिरोह के चार सदस्यों को खुर्सीपार पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस गिरोह के कब्जे से अगवा किए गए दो बच्चों को भी छुड़ा लिया है।
– जांजगीर पुलिस ने जमीन रजिस्ट्री के एवज में फर्जी चेक देकर करीब नौ लाख रूपये की धोखाधड़ी करने वाले एक आरोपी और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
– रायगढ़ जिले के धौराभाठा इलाके में ट्रेलर की चपेट में आने से दोपहिया सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में युवक के दो अन्य साथी घायल हो गए।
– राजनांदगांव जिले के चिचोला इलाके में दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई।