Best News Articles 30 September 2022 in Hindi of Chhattisgarh की खबरें इस प्रकार है-
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस
कल अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वृद्धजनों को आपतिक स्थिति में सहायता पहुचाने और उनकी समुचित देखभाल के लिए ’सियान हेल्पलाईन’ शुरू करने की घोषणा की है।
श्री बघेल ने मुख्य सचिव को पुलिस और समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों से चर्चा कर राज्य स्थापना दिवस एक नवंबर से हेल्पलाईन सेवा शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर अपने संदेश में सभी वृद्धजनों को स्वस्थ और खुशहाल जीवन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि बुजुर्ग परिवार और समाज के मूल स्तंभ होते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले वृद्धजनों की समुचित देखभाल करना हमारा नैतिक दायित्व है। वहीं, कल समाज कल्याण विभाग द्वारा राजधानी रायपुर के सरदार बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन किया जाएगा।
समारोह में समाज कल्याण मंत्री अनिला भेंड़िया, जनप्रतिनिधि सहित विभिन्न जिलों से आए वरिष्ठ नागरिक शामिल होंगे। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान करने के साथ ही कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
स्वच्छता पुरस्कार
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कल नई दिल्ली में ‘‘आजादी एट द रेट पचहत्तर’’ स्वच्छ सर्वेक्षण दो हजार बाईस के तहत सबसे स्वच्छ राज्यों और शहरों को पुरस्कार प्रदान करेंगी।
ये पुरस्कार कचरा मुक्त शहरों के दृष्टिकोण को लेकर स्वच्छ भारत शहरी अभियान की दूसरी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में दिये जाएंगे। समारोह में विभिन्न श्रेणियों में एक सौ साठ से अधिक पुरस्कार दिए जाएंगे।
भेंट मुलाकात
राज्य सरकार द्वारा राजीव गांधी किसान न्याय योजना की तीसरी किस्त किसानों को दीपावली के पहले पंद्रह अक्टूबर को दी जाएगी। यह बात मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के तहत कबीरधाम जिले के पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम इंदौरी में सभा को संबोधित करते हुए कही।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने इंदौरी के उप-स्वास्थ्य केंद्र का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में उन्नयन करने और मरका में जिला सहकारी बैंक की शाखा खोलने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने आज कुकदूर का भी दौरा किया। इस दौरान उन्होंने नगर पंचायत पंडरिया को नगर पालिका बनाने की घोषणा की। वहीं, कोदवा गोड़ान में स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम स्कूल और ग्राम कुंडा में कॉलेज खोलने का भी ऐलान किया।
हवाई सेवा
आगामी तीन अक्टूबर से बिलासपुर से इंदौर के लिए सीधी विमान सेवा की शुरूआत हो जाएगी। एक निजी कंपनी द्वारा संचालित यह विमान सेवा सप्ताह में चार दिन – सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और शनिवार को उपलब्ध होगी।
यह बिलासपुर, जबलपुर, इंदौर और ग्वालियर के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट है। बिलासपुर एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार बिलासपुर के बिलासा बाई केंवटिन एयरपोर्ट से इंदौर के लिए विमान सुबह ग्यारह बजकर पैंतीस मिनट पर उड़ान भरेगा और दोपहर एक बजकर पच्चीस मिनट पर इंदौर पहुंचेगा।
इसी तरह, इंदौर से यह विमान दोपहर एक बजकर पचपन मिनट पर उड़ान भरेगा, जो दोपहर तीन बजकर पैंतालीस मिनट पर बिलासपुर पहुंचेगा। गौरतलब है कि वर्तमान में बिलासपुर से जबलपुर, प्रयागराज, दिल्ली और भोपाल के लिए विमान सेवा उपलब्ध है।
श्रमिक-मजदूरी
राज्य सरकार ने औद्योगिक श्रमिकों के मंहगाई भत्ते में प्रतिमाह एक सौ साठ रूपये और कृषि मजदूरों के मंहगाई भत्ते में एक सौ पचास रूपए की वृद्धि की है।
इसी तरह, अगरबत्ती निर्माण श्रमिकों को एक हजार अगरबत्ती बनाने पर चालीस पैसा और बीड़ी श्रमिकों को एक हजार बीड़ी बनाने पर चार रूपये पच्चीस पैसा अतिरिक्त मिलेगा।
यह दर कल एक अक्टूबर से अगले साल इकतीस मार्च तक के लिए निर्धारित की गई है। इसके अलावा कुशल, अकुशल और अर्द्धकुशल श्रमिकों के लिए भी मजदूरी की नई दरें निर्धारित की गई है।
ग्रामसभा
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर दो अक्टूबर से प्रदेश के गांवों में ग्रामसभा का आयोजन किया जाएगा। ग्रामसभा में चर्चा के लिए पंद्रह बिन्दु निर्धारित किए गए हैं।
इनमें से ग्यारह बिन्दुओं पर सभी ग्रामसभाओं में और अनुसूचित क्षेत्र की ग्राम सभाओं में अतिरिक्त चार बिन्दुओं पर विशेष चर्चा की जाएगी। इस संबंध में सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
Also Read :- मंकीपॉक्स क्या है इसके लक्षण, बचाव एवं उपाय
ग्रामसभा में निर्धारित बिन्दुओं के अलावा कलेक्टर, जिला पंचायत, जनपद पंचायत और ग्राम पंचायत द्वारा स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अन्य विषय-वस्तु को भी ग्रामसभा के एजेंडे में शामिल किया जा सकता है।
ग्रामसभा में गौठानों के प्रबंधन और संचालन के संबंध में चर्चा के साथ सुराजी ग्राम योजना के तहत नरवा, गरवा, घुरवा और बाड़ी से संबंधित कार्यों की प्रगति पर चर्चा की जाएगी।
वहीं, गांधी जयंती के अवसर पर दो अक्टूबर को सर्व आदिवासी समाज द्वारा राजधानी रायपुर में ‘‘रायपुर चलो गसी’’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत ग्राम सभाओं का महासम्मेलन और ग्राम-स्वराज रैली निकाली जाएगी।
मल्टीमीडिया चित्र प्रदर्शनी
केंद्रीय संचार ब्यूरो के रायपुर स्थित प्रादेशिक कार्यालय द्वारा डोंगरगढ़ के मां बम्लेश्वरी मंदिर परिसर में आयोजित मल्टीमीडिया चित्र प्रदर्शनी का आज समापन हुआ। यह प्रदर्शनी ‘‘सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के आठ साल विषय’’ पर आयोजित की गई।
इसके तहत डोंगरगढ़ के नौ शिक्षण संस्थानों के लगभग पांच सौ प्रतिभागियों ने निबंध, प्रश्नमंच, पोषण थाली, भाषण और पेंटिंग के अलावा गीत-संगीत और नृत्य में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छत्तीस प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि पूर्व विधायक विनोद खांडेकर ने पुरस्कार प्रदान किया।
लखमा-सुकमा
उद्योग मंत्री कवासी लखमा ने कहा है कि राज्य सरकार आदिवासियों के हित के लिए प्राथमिकता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आदिवासी हितों की सुरक्षा राज्य सरकार की पहली प्राथमिकता है।
यह बात श्री लखमा ने कल सुकमा जिले के कोंटा विकासखंड के ग्राम चिंतलपुर में ग्रामीणों से चर्चा करते हुए कही। उन्होंने ग्रामीणों की मांग पर चिंतलनार में कन्या आश्रम के लिए दो करोड़ रूपये, सामुदायिक भवन के लिए बीस लाख रुपए और दुर्गा समिति भवन के लिए छह लाख रूपये देने की घोषणा की।
भाजपा जोड़ो यात्रा
कांगे्रस की भारत जोड़ो यात्रा छत्तीसगढ़ में आगामी दो अक्टूबर से अगले साल फरवरी तक चलाई जाएगी। इसके तहत प्रदेश के तीन सौ सात ब्लाॅक के प्रत्येक बूथ तक पहुंचने की कार्ययोजना बनाई गई है।
यह निर्णय आज रायपुर में हुई प्रदेश कांगे्रस कार्यकारिणी की बैठक में लिया गया। इसमें प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम, प्रदेश प्रभारी डॉक्टर चंदन यादव और भारत जोड़ो यात्रा के छत्तीसगढ़ प्रभारी टी.एस. सिंहदेव विशेष रूप से उपस्थित थे।
आप पढ़ रहे है – Best News Articles 30 September 2022
बैठक में विधानसभावार बूथ-स्तरीय भारत जोड़ो पदयात्रा के संबंध में चर्चा की गई। वहीं, आज मुंगेली में भारतीय जनता पार्टी द्वारा बुद्धिजीवी सम्मेलन का आयोजन किया गया।
पार्टी के जिला विधि और शिक्षा प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित इस सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता संदीप शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजनीति के माध्यम से जनता के हितों के अनुरूप सेवा करना सिखाया है।
उन्होंने कहा कि श्री मोदी ने अपनी दूरदर्शिता से आने वाले अनेक वर्षों के लिए जनहित में न सिर्फ येाजनाएं बनाईं, बल्कि उन्हें अमल में भी लाया है।
रामलीला मंचन
रायपुर जिले के बीरगांव क्षेत्र के रावांभाठा स्थित खेल मैदान में कल से पांच अक्टूबर तक वृंदावन-मथुरा के कलाकारों द्वारा रामलीला का मंचन किया जाएगा।
वहीं, पांच अक्टूबर को दशहरा उत्सव मनाया जाएगा। दशहरा उत्सव में मुंबई के कलाकारों द्वारा भव्य आतिशबाजी की जाएगी। इस दौरान सौ फीट ऊंचा रावण और पचास फीट ऊंचे कुंभकरण तथा मेघनाथ के पुतले का दहन किया जाएगा।
शालेय क्रीडा प्रतियोगिता
कोरबा में आयोजित बाईसवीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीडा प्रतियोगिता में बिलासपुर संभाग की टीम ओव्हरआल चैंपियन रही। वहीं, दूसरे स्थान पर रायपुर संभाग की टीम रही।
सत्ताईस से तीस सितंबर तक आयोजित इस स्पर्धा में रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, बस्तर और सरगुजा संभाग के सात सौ उनचास प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
इसके तहत चैदह से उन्नीस वर्ष के बालक-बालिकाओं ने टेनिस, क्रिकेट, किक बाॅक्सिंग, गतका और फुटबाॅल में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समापन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पाली तानाखार के विधायक मोहित राम केरकेट्टा ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए।
मौसम
मौसम विभाग के अनुसार एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी और तटीय आंध्रप्रदेश के ऊपर स्थित है। इसके असर से कल प्रदेश में कल एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।
वर्षा का मुख्य क्षेत्र दक्षिण छत्तीसगढ़ रहने की संभावना जताई गई है। इस बीच, महासमुंद और राजनांदगांव जिले में आज आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार महासमुन्द जिले के बुंदेली गांव में आज गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने से दो ग्रामीणों की मौत हो गई। वहीं, राजनांदगांव जिले के रानीपुर-खड़खड़ी गांव में भी आज दोपहर खेत में काम कर रहे एक किसान की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई।
संक्षिप्त समाचार
– प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल नई दिल्ली में फाइव-जी सेवाओं की शुरूआत करेंगे। यह तकनीक ऊर्जा, स्पेक्ट्रम और नेटवर्क दक्षता में वृद्धि के साथ ही बिना रूकावट के अत्यधिक डेटा दर और कम समय में सबसे ज्यादा विश्वसनीय संचार प्रदान करेगी।
– भारतीय वन सेवा के उन्नीस सौ सतासी बैच के अधिकारी संजय शुक्ला को प्रधान मुख्य वन संरक्षक बनाया गया है। राज्य शासन द्वारा इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है। श्री शुक्ला ने आज सेवानिवृत्त हुए प्रधान मुख्य वन संरक्षक राकेश चतुर्वेदी का स्थान लिया है।
– छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित हाईस्कूल और हायर सेकेण्डरी पूरक परीक्षा की पुनर्गणना तथा पुनर्मूल्यांकन के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। परिणाम मंडल की वेबसाइट डब्ल्यू.डब्ल्यू.डब्ल्यू. डॉट सी.जी.बी.एस.ई. डॉट एन.आई.सी. डॉट इन पर उपलब्ध है।
– एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने आज रायपुर में रिश्वत मांगने के आरोप में उद्यानिकी विभाग में पदस्थ एक हार्टिकल्चर डव्लपमेंट अधिकारी को गिरफ्तार किया है।
– केन्द्रीय पेट्रोरसायन अभियांत्रिकी और प्रौद्योगिकी संस्थान-सीपेट रायपुर में युवाओं को मशीन ऑपरेटर और असिस्टेंट-प्लास्टिक प्रोसेसिंग कोर्स में तीन महीने का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के बाद उन्हें प्रमाण-पत्र दिया गया।
– महासमुंद जिले के बागबाहरा वन परिक्षेत्र में भालू के हमले में एक व्यक्ति घायल हो गया। वहीं, धमतरी जिले के मोंगरा गहन में एक किसान और गरियाबंद जिले के बाघमार में एक युवक भी आज भालू के हमले में घायल हो गया है।
और
– गरियाबंद जिले के मैनपुर में पुलिस ने दो नाबालिगों के पास से उन्नीस किलो गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब दो लाख रूपये बताई गई है।