विजयादशमी, बस्तर दशहरा, राष्ट्रीय खेल, राज्य अलंकरण पुरस्कार आदि Best News Articles 05 October 2022
फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली
छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर नगर पालिकाओं में रिक्त पदों पर उप निर्वाचन के लिए 01 जनवरी 2022 की संदर्भ तारीख के आधार पर फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन 14 अक्टूबर को किया जाएगा। इसी दिन से दावा-आपत्तियां भी प्राप्त की जा सकेंगी। दावा-आपत्तियों के निराकरण की अंतिम तिथि 26 अक्टूबर निर्धारित की गई है।
पहले चरण के कार्यक्रम के अनुसार 07 अक्टूबर तक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की नियुक्ति होगी। साथ ही प्रारंभिक प्रारूप निर्वाचक नामावली तैयार करने के लिए कर्मचारियों का चयन और नियुक्त की जाएगी।
वहीं, दूसरे चरण में 14 अक्टूबर को निर्वाचन नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन किया जाएगा। इसी दिन मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को निर्वाचन नामावली उपलब्ध कराई जाएगी।
गौरतलब है कि नगर पालिका उप निर्वाचन के तहत प्रदेश के छह नगरीय निकायों के छह वार्डों में उपचुनाव कराए जाएंगे।
मोहन भागवत-संबोधन
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने महिलाओं को निर्णय लेने की स्वतंत्रता के साथ सशक्त बनाने पर बल दिया है। नागपुर में दशहरा पर्व पर वार्षिक संबोधन में उन्होंने कहा कि समाज को एकजुट रखने के लिए पुरुषों और महिलाओं के बीच समानता आवश्यक है।
Also Read :- मंकिपॉक्स क्या है , उपाय और बचाव
श्री भागवत ने कहा कि दोनों की साझेदारी समाज की प्रगति के लिए अति महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भरता के पथ पर बढ़ने के लिए भारत को एक राष्ट्र के रूप में परिभाषित करने वाले मूल सिद्धांतों और विचारों को समझना आवश्यक है।
श्री भागवत ने कहा कि आबादी और संसाधनों को ध्यान में रखते हुए जनसंख्या नीति बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने मातृभाषा में शिक्षा को बढ़ावा देने की नीति बनाये जाने का समर्थन किया।
राज्य अलंकरण-पुरस्कार
छत्तीसगढ़ में राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर दिए जाने वाले राज्य अलंकरण श्रेणी में तीन नये पुरस्कार जोड़े गए हैं। यह पुरस्कार माता कौशल्या, लोक कलाकार स्वर्गीय लक्ष्मण मस्तुरिया और स्वर्गीय खुमान साव के नाम से दिए जाएंगे।
माता कौशल्या के मायके और भगवान राम के ननिहाल छत्तीसगढ़ में श्रेष्ठ रामायण मानस मंडली को “माता कौशल्या सम्मान” से अलंकृत किया जाएगा। वहीं, लोकगीत के क्षेत्र में “लक्ष्मण मस्तुरिया पुरस्कार” दिया जाएगा।
इसी तरह, लोक संगीत के क्षेत्र में योगदान देने वाले कला साधकों को “खुमान साव पुरस्कार” से सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश के लोक कला साधकों के सम्मान में यह घोषणा की है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ अपनी प्राचीन और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत तथा जीवंत संस्कृति के लिए प्रसिद्ध है। श्री बघेल ने कहा कि लोक संस्कृति के जिन साधकों ने इसे जीवंत बनाये रखने में अपना जीवन समर्पित किया है, उन्हें सम्मानित करना राज्य सरकार का कर्तव्य है।
छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक
प्रदेश में कल 06 अक्टूबर से छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक का आयोजन किया जाएगा। इसका शुभारंभ समारोह कल रायपुर के बूढ़ापारा स्थित इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया गया है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल होंगे। इस ओलंपिक में गिल्ली डंडा, पिट्टूल, लंगड़ी दौड़, कबड्डी, खो-खो, रस्साकसी जैसे 14 पारंपरिक खेलों के मुकाबले होंगे।
छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक के आयोजन का दायित्व पंचायत और ग्रामीण विकास तथा नगरीय प्रशासन और विकास विभाग को सौंपा गया है। स्पर्धा का समापन अगले साल छह जनवरी को होगा।
छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक के लिए छह स्तर निर्धारित किए गए हैं। इसमें गांव में सबसे पहला स्तर राजीव युवा मितान क्लब का होगा। वहीं, दूसरी प्रतियोगिता जोन स्तर पर होगी, जिसमें आठ राजीव युवा मितान क्लबों को मिलाकर एक क्लब बनाया जाएगा।
इसके बाद विकासखंड-नगरीय क्लस्टर, जिला, संभाग और अंत में राज्य स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। राज्य स्तर की प्रतियोगिताएं 28 दिसम्बर से 06 जनवरी तक होंगे।
राष्ट्रीय खेल
गुजरात के गांधीनगर में चल रहे छत्तीसवें राष्ट्रीय खेल में छत्तीसगढ़ की बैडमिंटन खिलाड़ी आकर्षी कश्यप महिलाओं के एकल फाइनल में पहुँच गई हैं। सेमीफाइनल में उन्होंने तानिया हेमंत को हराया।
फाइनल में उनका मुकाबला मालविका बंसोड़ से होगा। वहीं, तलवारबाजी में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को सेमीफाइनल मुकाबले में कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
कल हुए सेमीफाइनल मुकाबले में छत्तीसगढ़ की टीम को हार का सामना करना पड़ा। राष्ट्रीय खेल में छत्तीसगढ़ की टीम ने तलवारबाजी में चार पदक हासिल किए हैं।
व्यवहार न्यायालय-भूमिपूजन
छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति दीपक कुमार तिवारी ने कोंडागांव जिले के केशकाल में निर्मित किए जाने वाले नवीन व्यवहार न्यायालय भवन का आज भूमिपूजन किया।
इस भवन का निर्माण एक करोड़ उन्नीस लाख रूपये की लागत से किया जाएगा। इस अवसर पर न्यायमूर्ति दीपक तिवारी ने कहा कि निर्धन और कमजोर वर्गों में विधिक जागरूकता सहित उन्हें विधिक सहायता प्रदान करने के लिए व्यापक पहल की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि निर्धन और कमजोर तबके के लोग न्याय की उम्मीद के साथ न्यायालय आते हैं, उन्हें मदद पहुंचाई जाए और न्याय प्रदान कर उनके विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास किया जाना चाहिए। कार्यक्रम में कोंडागांव के जिला और सत्र न्यायाधीश उत्तरा कुमार कश्यप भी शामिल हुए।
विजयादशमी
बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक दशहरा पर्व आज छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में पारंपरिक उल्लास और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर रावण, मेघनाद और कुम्भकर्ण के पुतलों का दहन किया जाएगा।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विजयादशमी के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। वहीं, राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के सभी जिलों में दशहरा उत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
राजधानी रायपुर की डब्ल्यू.आर.एस. काॅलोनी में एक सौ दस फीट के रावण और सत्तर-सत्तर फीट के कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों का दहन किया जा रहा है।
कार्यक्रम में रामायण धारावाहिक में राम का अभिनय करने वाले पात्र अरुण गोविल और माता सीता का अभिनय करने वाली दीपिका चिखलिया विशेष अतिथि हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हैं।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष कुलदीप जुनेजा और रायपुर नगर निगम के महापौर एजाज ढेबर भी उपस्थित हैं। वहीं, रायपुर के रावणभाटा मैदान में सत्तर फीट का रावण बनाया गया है।
विजयादशमी के अवसर पर राज्यपाल अनुसुईया उइके राजभवन में आयोजित शस्त्र पूजा और हवन में शामिल हुईं। इस मौके पर उन्होंने कहा कि असत्य पर सत्य की जीत का यह त्यौहार हमें अहंकार और अधर्म का नाश करने की सीख देता है।
वहीं, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी रायपुर स्थित अपने निवास में शस्त्र पूजा कर प्रदेशवासियों को विजयादशमी की बधाई और शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि दशहरा का पर्व असत्य पर सत्य की जीत, अंधकार पर प्रकाश की जीत और अधर्म पर धर्म की जीत का पर्व है। दशहरा पर्व के मौके पर आज रायपुर, राजनांदगांव, रायगढ़ सहित प्रदेश के विभिन्न थानों, चैकियों और शस्त्रागारों में रखे शस्त्रों की साफ-सफाई कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।
बस्तर दशहरा
75 दिनों तक चलने वाले विश्व प्रसिद्ध और ऐतिहासिक बस्तर दशहरा पर्व के तहत आज रात भीतर रैनी की रस्म अदा की जा रही है। इस रस्म में आठ पहिये वाले दो मंजिला विशालकाय रथ में मां दंतेश्वरी के छत्र को रखकर विधि-विधान से परिक्रमा कराई जाती है।
परिक्रमा के बाद रथ को दंतेश्वरी मंदिर के सामने सिंह ड्योढी पर रोककर उसमें से मांई के छत्र को रथ से उतारकर मंदिर में रखा जाएगा और रथ को सिंह ड्योढी पर ही छोड़ दिया जाएगा। इसके बाद इस रथ को चोरी कर आदिवासी, कुम्हड़ाकोट के जंगल ले जाएंगे।
इससे पहले, बस्तर दशहरा के तहत कल रात मावली परघाव की रस्म अदा की गई। वहीं, कोंडागांव जिले में कल बस्तर दशहरा में शामिल होने जिलेभर से आए ग्राम देवी-देवताओं के छत्र डोलियों को विदाई दी गई।
इस कार्यक्रम में कोंडागांव के विधायक मोहन मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष देवचंद मातलाम, प्रशासनिक अधिकारी और आदिवासी समाज के प्रतिनिधि शामिल हुए।
मौसम
प्रदेश में अगले चैबीस घंटों के दौरान अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। वर्षा का मुख्य क्षेत्र दक्षिण छत्तीसगढ़ हो सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा तटीय आंध्रप्रदेश और उसके आसपास बना हुआ है। वहीं, एक द्रोणिका तटीय आंध्रप्रदेश से उत्तराखंड होते हुए छत्तीसगढ़ तक विस्तारित है।
इसके असर से कल प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात होने की चेतावनी भी दी गई है।
संक्षिप्त समाचार
– रानी दुर्गावती की जयंती पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज अपने निवास कार्यालय में उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
– राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत प्रदेश में गाय, बैल और भैंस को खुरपका-मुंहपका रोगों से बचाने के लिए आगामी पंद्रह अक्टूबर तक सघन टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में रायगढ़ में आज पशु चिकित्सा टीकाकरण दल द्वारा घर-घर जाकर पशुओं को एफ.एम.डी. टीका लगाया गया।
– छत्तीसगढ़ हास्य योग संस्थान द्वारा आज रायपुर जिले के गोगांव में सत्रहवें हास्य योग केन्द्र का शुभारंभ किया गया।
– जांजगीर-चांपा जिले के बिरहानी गांव में दुर्गा विसर्जन के दौरान हसदेव नदी में चार लोग बह गए। इनमें से तीन लोगों को बचा लिया गया। वहीं, एक व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई।
– राजधानी रायपुर के खारून बेंद्री डैम में कल दोपहर एक युवक बह गया था, जिसका शव पुलिस ने आज बरामद कर लिया है। यह युवक अपने दोस्तों के साथ डैम में नहाने गया था, तभी पानी के तेज बहाव में वह डूब गया।
– दुर्ग पुलिस ने महादेव और रेड्डी अन्ना आनलाइन सट्टा ऐप मामले में अब तक इक्कीस करोड़ रूपये के आनलाइन लेनदेन का खुलासा किया है।
– दुर्ग पुलिस ने नशीली सिरप बेचने के आरोप में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इसके पास से एक लाख रूपये से अधिक का सिरप बरामद किया गया है।
1 thought on “विजयादशमी, बस्तर दशहरा, राष्ट्रीय खेल, राज्य अलंकरण पुरस्कार”